बिजली सुधारने पहुंचे लाइनमैन पर डंडे से हमला, हाथ-सीने में आई चोट

सतना। डिजिटल डेस्क

बिजली आपूर्ति बहाल करने पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारी पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम लेदरा में डीपी का जम्फर जोड़कर बिजली की खराबी सुधार रहे लाइनमैन के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने डंडे से हमला कर कर्मचारी को घायल कर दिया। घटना में लाइनमैन के हाथ और सीने में चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीपी का जम्फर जोड़ते समय हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को बिजली बंद होने की सूचना मिलने पर ओबरी गांव निवासी 30 वर्षीय लाइनमैन संजय कुमार विश्वकर्मा ग्राम लेदरा पहुंचे थे। वह डीपी का जम्फर जोड़कर बिजली आपूर्ति में आई खराबी सुधार रहे थे।

इसी दौरान गांव के विवेकानंद तिवारी से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवेकानंद ने लाइनमैन के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में संजय कुमार के हाथ और सीने में चोटें आईं।

बीच-बचाव कर कर्मचारियों ने बचाया

घटना के समय धीरेन्द्र तिवारी, आशीष कुशवाहा और प्रियेंद्र द्विवेदी मौके पर मौजूद थे। बताया गया कि उन्होंने बीच-बचाव कर लाइनमैन को बचाया। आरोप है कि हमलावर ने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता धीरेन्द्र पटेल ने रामपुर बाघेलान थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी के खिलाफ BNS की इन धाराओं में केस

पुलिस ने शिकायत के आधार पर विवेकानंद तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296ए, 132, 121(1) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल

बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विद्युत विभाग के मैदानी कर्मचारी अक्सर जोखिम भरे हालात में काम करते हैं। तकनीकी खराबी सुधारने के दौरान लाइनमैन के साथ मारपीट की इस घटना ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *