सतना जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से प्रेम संबंध का मामला हिंसक मोड़ पर पहुंच गया। युवती के परिजनों ने युवक को घर बुलाकर कथित तौर पर बंधक बनाया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। वहीं, नाबालिग की शिकायत पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
बातचीत के बहाने घर बुलाकर बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार, रामनगर थाना क्षेत्र निवासी शोभनाथ साहू (32) का एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवक ने मुलाकात के दौरान बनाए गए कुछ निजी वीडियो अपने मोबाइल में सुरक्षित रखे थे।
बताया जा रहा है कि जब इस संबंध की जानकारी नाबालिग के परिजनों को हुई तो उन्होंने मंगलवार रात बातचीत के बहाने युवक को घर बुलाया। वहां उसका मोबाइल चेक किया गया, जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो मिलने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए।
रस्सी से बांधकर की बेरहमी से पिटाई
आरोप है कि परिजनों ने युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा। मारपीट में उसका एक हाथ और एक पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को मुक्त कर अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
युवक विवाहित, तीन बच्चों का पिता
पुलिस के मुताबिक, घायल युवक विवाहित है और तीन बच्चों का पिता है। इसके बावजूद उसने नाबालिग से कथित तौर पर प्रेम संबंध बनाए थे। पुलिस अब इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
युवक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
वहीं, नाबालिग और उसके परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। मामले में मेडिकल रिपोर्ट, मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्य और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।