Seoni Road Accident: मजदूरों से भरी तूफान गाड़ी मकान में घुसी, 3 की मौत, 12 घायल

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुरई थाना क्षेत्र के पचधार गांव के पास मजदूरों से भरी एक तूफान गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बने एक मकान में जा घुसी। हादसे में चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन मजदूर घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंडला जिले के चाबी क्षेत्र से मजदूरों को लेकर वाहन केरल जा रहा था। रास्ते में पचधार गांव के पास चालक को कथित तौर पर नींद का झोंका आ गया। इसके बाद वाहन डिवाइडर पार करते हुए नियंत्रण खो बैठा और सीधे मकान से जा टकराया।

हादसे में चालक सराजू बालरे, दशरथ धुर्वे और नरेंद्र सोनवाने की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कुरई पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *