मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर नगर में शनिवार को एक युवक के 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
100 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ा युवक
घटना श्योपुर जिले के विजयपुर बस स्टैंड क्षेत्र की है। शनिवार को धीरज खटीक अचानक करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसे ऊंचाई पर देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पूरे इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
पांच घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
टंकी पर चढ़ने के बाद युवक लगातार अपनी बात मीडिया तक पहुंचाने की मांग करता रहा। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत सुनी जाएगी। करीब पांच घंटे तक चले समझाइश और रेस्क्यू अभियान के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
नीचे आने के बाद लगाया यह आरोप
युवक ने नीचे उतरने के बाद आरोप लगाया कि उसकी पत्नी करीब 15 दिन पहले उसे छोड़कर चली गई थी। उसने इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर उसने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताने का फैसला किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक के आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यातायात भी हुआ प्रभावित
घटना के कारण बस स्टैंड क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात और सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। पुलिस ने युवक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।