सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में जंगल से मिले अज्ञात मानव कंकाल की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव में की गई सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने मामले में 20 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
30 जून को जंगल में मिला था अज्ञात मानव कंकाल
मध्य प्रदेश के सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम कोष्टा पवाई के जंगल में 30 जून 2026 को एक अज्ञात मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच का सहारा लिया।
डीएनए जांच से हुई युवती की पहचान
पोस्टमार्टम, डीएनए परीक्षण और परिजनों की पहचान के आधार पर मृतका की पहचान 19 वर्षीय प्रियंका साकेत, निवासी ग्राम मवई, थाना चुरहट के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मोबाइल कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और संदिग्धों से पूछताछ की। इसी क्रम में पुलिस का संदेह पवन कारपेन्टर (20) पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के सामने उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
शादी के दबाव में हुई हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतका की मुलाकात वर्ष 2024 में कॉलेज के दौरान हुई थी। वर्ष 2025 से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। प्रियंका आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी अलग-अलग जाति होने का हवाला देकर शादी से बचना चाहता था।
24 जून 2026 को आरोपी ने युवती को चुरहट बुलाया और दोनों ग्राम कोष्टा पवाई के जंगल पहुंचे। वहां शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, गुस्से में आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से युवती के सिर और कान के पास कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह शव को जंगल में छोड़कर फरार हो गया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई गई है।