सतना। डिजिटल डेस्क
मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। सतना–देवेंद्रनगर और रीवा–चुरहट रेलखंडों का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही देवेंद्रनगर–चुरहट नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। दोनों रेलखंडों की कुल लंबाई 118 किलोमीटर है। इनमें सतना–देवेंद्रनगर रेलखंड 53 किलोमीटर और रीवा–चुरहट रेलखंड 65 किलोमीटर लंबा है।
आजादी के बाद सीधी को मिला रेल नेटवर्क
इस परियोजना की सबसे बड़ी उपलब्धि सीधी जिले का आजादी के बाद पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ना है। रीवा–चुरहट रेलखंड के विकास से रीवा और सीधी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क को आगे बढ़ाने का रास्ता खुला है।
पहाड़ी भूभाग में विकसित इस रेलखंड पर पुलों और सुरंगों सहित कई महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग कार्य किए गए हैं। इनमें 3.33 किलोमीटर लंबी सुरंग भी शामिल है।
विंध्य-बुंदेलखण्ड की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
सतना–देवेंद्रनगर रेलखंड से सतना, नागौद, देवेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे यात्रियों की आवाजाही के साथ स्थानीय व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस क्षेत्र में चूना पत्थर आधारित उद्योग और सीमेंट संयंत्र महत्वपूर्ण हैं। रेल संपर्क बेहतर होने से भविष्य में खनिजों और औद्योगिक माल की ढुलाई को भी सुविधा मिल सकती है।
नई ट्रेन सेवा से यात्रियों को मिलेगा विकल्प
देवेंद्रनगर–चुरहट ट्रेन सेवा शुरू होने से स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने और शिक्षा, व्यापार तथा रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
बेहतर रेल कनेक्टिविटी से विंध्य क्षेत्र के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो सकती है। मुकुंदपुर स्थित व्हाइट टाइगर सफारी सहित क्षेत्र के पर्यटन केंद्रों को इससे लाभ मिलने की संभावना है।
पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबार से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर बन सकते हैं। बेहतर रेल संपर्क औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में भी सहायक हो सकता है।
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
चुरहट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं, नागौद रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और नागौद विधायक नागेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रेलखंडों के उद्घाटन और नई ट्रेन सेवा की शुरुआत को विंध्य क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे यात्री परिवहन के साथ माल ढुलाई, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।