STF के इनपुट पर सतना में बड़ी कार्रवाई, गोदाम से 28 लाख का गांजा और नशीला सिरप जब्त

बंद गोदाम का ताला तोड़कर पुलिस ने बरामद की खेप, रीवा के दो किरायेदारों की तलाश तेज
सतना। मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतना पुलिस और एसटीएफ भोपाल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टिकुरिया टोला क्षेत्र के एक गोदाम से करीब 28 लाख रुपए कीमत का गांजा और नशीला कफ सिरप बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान गोदाम बंद मिला, जिसके बाद ताला तोड़कर तलाशी ली गई। मामले में रीवा के दो लोगों को नामजद करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार पूरे मामले का खुलासा भोपाल में पकड़ी गई अवैध कफ सिरप रिपैकिंग फैक्ट्री से जुड़े आरोपियों से पूछताछ के दौरान हुआ। एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी नवाब खान ने पूछताछ में बताया था कि कुछ दिन पहले नशीले कफ सिरप की एक बड़ी खेप सतना भेजी गई थी। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ और सतना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

जांच के दौरान डिलौरा स्थित जिस गोदाम पर छापा मारा गया, वहां ताला लगा मिला। गोदाम मालिक से पूछताछ में पता चला कि अप्रैल 2026 में यह गोदाम छह माह के लिए रीवा निवासी अजय पटेल और रोहित जायसवाल को किराये पर दिया गया था। दोनों से संपर्क नहीं हो सका, जिसके बाद पंचनामा बनाकर गोदाम का ताला तोड़ा गया।

तलाशी के दौरान किराना और चिप्स के बंडलों के पीछे छिपाकर रखी गई 30 बोरियों में 7,200 शीशियां नशीले कफ सिरप की मिलीं, जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा नौ बोरियों से 2 क्विंटल 60 किलो गांजा भी बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख रुपए आंकी गई है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किराना सामान की आड़ में नशीले पदार्थों की खेप प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाते थे। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।

सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही एसटीएफ भोपाल के साथ समन्वय कर मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नशे के इस नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *