आंगनवाड़ी के पोषण आहार में मृत सांप का बच्चा, गर्भवती महिला को दिया गया था पैकेट

मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में आंगनवाड़ी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। जिले के काराघाट कामठी गांव में गर्भवती महिला को वितरित किए गए पोषण आहार के पैकेट में मृत सांप का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, काराघाट कामठी निवासी गर्भवती महिला वच्छला बाई धुर्वे को आंगनवाड़ी केंद्र से पोषण आहार के तहत लड्डू का पैकेट दिया गया था। जब परिवार के लोगों ने घर पर पैकेट खोला तो उसके अंदर मृत सांप का बच्चा दिखाई दिया। राहत की बात यह रही कि महिला ने लड्डुओं का सेवन नहीं किया था, जिससे किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए भेजे जाने वाले खाद्य पदार्थों में इस तरह की गड़बड़ी बेहद चिंताजनक है।

मामले की सूचना मिलने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पोषण आहार के पैकेट को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और जांच शुरू कर दी। विभाग ने खाद्य सामग्री के नमूने भी सुरक्षित रख लिए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृत जीव पैकेट में किस स्तर पर पहुंचा। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में वितरित किए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता और पैकेजिंग प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में वितरित खाद्य सामग्री की जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *