सतना। यूनिवर्सल केबल लिमिटेड (यूसीएल) में कार्यरत एक कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान मौत के बाद गुरुवार को फैक्ट्री गेट पर जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजन और समर्थक शव को एंबुलेंस में लेकर फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने कर्मचारी को समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, यूसीएल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत सत्य प्रकाश तिवारी की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ गई थी। प्रारंभिक जानकारी में चिकित्सकों द्वारा मौत का संभावित कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे सीने में दर्द और अस्वस्थता की शिकायत के बाद भी उन्हें तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया।
परिजनों का कहना है कि कर्मचारी को फैक्ट्री परिसर में ही प्राथमिक स्तर पर दवा और नींबू पानी दिया जाता रहा तथा करीब दो घंटे बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका आरोप है कि यदि समय रहते उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाती तो उनकी जान बचाई जा सकती थी।
घटना से नाराज परिजन दोपहर करीब 3 बजे शव लेकर फैक्ट्री गेट पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई, 10 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग रखी।
सूचना मिलते ही सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह, कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों तथा परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
परिजनों की प्रमुख मांगें
- मौत की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई हो।
- मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
- परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी प्रदान की जाए।