सतना। मैहर के रीवा रोड स्थित वार्ड नंबर 15 में उस समय हड़कम्प मच गया, जब एक घर के बाथरूम की नाली से नाग के बच्चों का झुंड निकल आया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बाथरूम गए तो उड़ गए होश
रीवा रोड निवासी पारसनाथ तिवारी के घर का एक सदस्य किसी काम से बाथरूम गया था। इसी दौरान उसकी नजर नाली के पास बैठे एक छोटे नाग पर पड़ी। अचानक सांप को देखकर वह घबरा गया और जोर-जोर से आवाज लगाने लगा।
नाली के अंदर दिखे कई सपोले
शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। जब सभी ने ध्यान से नाली के भीतर देखा तो वहां कई छोटे-छोटे नाग के बच्चे रेंगते नजर आए। यह नजारा देखते ही घर में अफरा-तफरी मच गई।
सर्प मित्र को बुलाया गया
घटना की सूचना तुरंत सर्प मित्र गफ्फार खान को दी गई। जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू शुरू किया।
एक-एक कर निकाले गए 15 नाग के बच्चे
सर्प मित्र ने बेहद सतर्कता के साथ नाली से एक-एक कर करीब 15 सपोलों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में जमा हो गए और पूरा घटनाक्रम देखते रहे।
जंगल में छोड़े गए सभी सपोले
रेस्क्यू के बाद सभी नाग के बच्चों को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया गया। सर्प मित्र ने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में नालियों और नम स्थानों के आसपास सतर्क रहें तथा सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें।