लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दिल्ली के सराफा कारोबारी से 2 करोड़ की रंगदारी, जांच की आंच सिवनी तक पहुंची

सिवनी। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दिल्ली के एक सराफा कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला अब मध्य प्रदेश के सिवनी जिले तक पहुंच गया है। मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने बंडोल थाना क्षेत्र के मारबोड़ी गांव पहुंचकर एक युवक से पूछताछ की, उसके बयान दर्ज किए और मोबाइल फोन जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

वॉट्सऐप कॉल पर मांगी गई थी 2 करोड़ की रंगदारी

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के एक सराफा कारोबारी को वॉट्सऐप कॉल के जरिए कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने कारोबारी से दो करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच शुरू की।

जांच में सिवनी के युवक का नंबर आया सामने

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को जिस मोबाइल नंबर से कॉल किए जाने की जानकारी मिली, वह मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र स्थित मारबोड़ी गांव निवासी सुनील सतनामी के नाम पर दर्ज पाया गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम जांच के लिए सिवनी पहुंची।

दिल्ली पुलिस ने दर्ज किए बयान, मोबाइल किया जब्त

दिल्ली पुलिस पहले बंडोल थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी देने के बाद मारबोड़ी गांव गई। यहां पुलिस ने सुनील सतनामी से पूछताछ की, उसके बयान दर्ज किए और जांच के लिए उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया।

सुनील ने पुलिस को बताया कि वह मालवाहक वाहन चलाने का काम करता है और उसका किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। उसने यह भी कहा कि उसके खिलाफ पहले कभी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं हुआ है।

अभी नहीं मिला प्रत्यक्ष संबंध का कोई प्रमाण

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुनील सतनामी का रंगदारी मांगने की घटना से कोई प्रत्यक्ष संबंध है या नहीं। पुलिस मोबाइल की फोरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है।

दो दिन तक सिवनी में रही दिल्ली पुलिस की टीम

जानकारी के मुताबिक, नॉर्थ दिल्ली की कोतवाली थाना पुलिस के दो सब-इंस्पेक्टर जांच के सिलसिले में गुरुवार को सिवनी पहुंचे थे। उन्होंने गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन जांच-पड़ताल की और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद वापस लौट गए।

क्षेत्र में चर्चा का विषय बना मामला

दिल्ली पुलिस के गांव पहुंचकर पूछताछ करने की खबर सामने आने के बाद मारबोड़ी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और तकनीकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *