नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा से जुड़े एक जिम के बाहर गुरुवार तड़के फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने जिम के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक, हमलावर सुबह करीब 4 बजे मोटरसाइकिल पर पहुंचे और जिम के शीशों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। घटना की जानकारी जिम स्टाफ के पहुंचने के बाद मिली, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट में जिम्मेदारी का दावा
फायरिंग के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में दावा किया गया कि गुरु रंधावा को पहले भी चेतावनी दी गई थी और उनकी सलमान खान से बढ़ती नजदीकियों को लेकर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि पुलिस अभी इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है।
पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच
दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले में रंगदारी, गैंगवार, व्यक्तिगत दुश्मनी और सोशल मीडिया पर किए गए दावों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
पहले भी चर्चाओं में रहा है लॉरेंस गैंग
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम पहले भी कई हाई-प्रोफाइल धमकियों और फायरिंग की घटनाओं में सामने आ चुका है। सलमान खान को लेकर गैंग की पुरानी रंजिश जगजाहिर है और इसी कारण इस घटना को भी उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। घटना ने एक बार फिर राजधानी में गैंगस्टर नेटवर्क की सक्रियता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।