रीवा में अवैध शराब के कारोबार पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बाईपास स्थित एक कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान पर छापेमारी कर पुलिस ने 24 लीटर देसी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। विश्वविद्यालय थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बाईपास क्षेत्र में संचालित एक कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान की आड़ में अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
दुकान से मिली देसी और अंग्रेजी शराब
रेड के दौरान पुलिस ने दुकान से करीब 24 लीटर देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूरा स्टॉक जब्त कर लिया।
आरोपी विनोद मिश्रा गिरफ्तार
पुलिस ने दुकान संचालक विनोद मिश्रा उर्फ संजय (35) को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से महमूदपुर का निवासी है और वर्तमान में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी में रहता है। वह बाईपास पर कोल्ड ड्रिंक्स और पानी की दुकान संचालित करता है।
आबकारी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आरोपी कब से अवैध शराब की बिक्री कर रहा था और इस कारोबार में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब या अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।