सतना में चार दिन से लापता 15 वर्षीय किशोर की तलाश के बीच शुक्रवार को बड़ा सुराग मिला। नगर वन के पास नहर किनारे उसके कपड़े और चप्पल मिलने के बाद पुलिस ने अनहोनी की आशंका जताते हुए एसडीआरएफ की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
नहर किनारे मिले कपड़े और चप्पल
कोलगवां थाना क्षेत्र के वार्ड-22 स्थित उतैली पीएम आवास कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय प्रांशु माखीजा, पिता कोमल माखीजा, पिछले चार दिनों से लापता है। शुक्रवार को नगर वन के पास नहर किनारे किशोर के कपड़े और चप्पल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान, कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
अनहोनी की आशंका, SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
कपड़े और चप्पल मिलने के बाद पुलिस ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। नहर में किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों को लगाया गया है। देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका।
27 जुलाई की शाम घर से निकला था किशोर
परिजनों के अनुसार, प्रांशु 27 जुलाई की शाम करीब 6 बजे दोस्त सुमित के घर जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब 8 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 28 जुलाई को कोलगवां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, जिसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल नहर में सर्च ऑपरेशन जारी है। किशोर के मिलने या जांच में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।