रीवा में एक युवक की मौत के 20 दिन बाद ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। परिजनों की शंका के बाद प्रशासन की अनुमति से कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असल वजह सामने आने की उम्मीद है।
SDM की अनुमति के बाद कब्र से निकाला गया शव
रीवा शहर के कुठुलिया मोहल्ला निवासी मोहम्मद लुकमान (42) की 9 जुलाई को मौत हो गई थी। परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानते हुए 10 जुलाई को बैकुंठपुर स्थित गृह ग्राम के कब्रिस्तान में दफना दिया था।
कुछ दिन बाद परिजनों ने मौत को लेकर शंका जताई और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद सिरमौर एसडीएम से अनुमति मिलने पर गुरुवार को पुलिस की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया।
शुक्रवार को होगा पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार शव को संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय (SGMH) भेजा गया है, जहां शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
पुलिस ने शुरू की जांच
बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव निकालने की प्रक्रिया के दौरान बिछिया और बैकुंठपुर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
परिजनों ने जताई शंका
मृतक के भाई मोहम्मद दाऊद ने बताया कि परिवार को मौत को लेकर कुछ शंका हुई, इसलिए पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया गया। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर फैसला किया जाएगा।