तहसीलदार की टीम को देख भागा ओवरलोड हाइवा, पलटने से चालक दबा

सतना। डिजिटल डेस्क

सतना जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में ओवरलोड हाइवा के पलटने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना भियामऊ स्थित क्रेशर प्लांट की है, जहां रविवार देर रात बालू से भरा ओवरलोड हाइवा कथित तौर पर तहसीलदार की टीम को देखकर भागने लगा। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में चालक को कानपुर रेफर किया गया। हादसे का वीडियो सोमवार को सामने आया है।

टीम को देखते ही हाइवा लेकर भागने लगा चालक

जानकारी के मुताबिक, भियामऊ में चित्रकूट क्रेशिंग कॉर्पोरेशन एवं माइल स्टोन नाम से क्रेशर प्लांट संचालित है। प्लांट का मुख्य गेट उत्तर प्रदेश की सीमा में है, जबकि इसका अधिकांश परिसर मध्य प्रदेश में आता है।

सीमा क्षेत्र में संचालित क्रेशर प्लांटों पर ओवरलोडिंग की शिकायतों को लेकर दोनों राज्यों की प्रशासनिक टीमें समय-समय पर जांच करती हैं। इसी सिलसिले में रविवार देर रात बांदा जिले के अतर्रा तहसीलदार महेंद्र कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ क्रेशर प्लांट पहुंचे थे।

बताया गया कि टीम को देखकर बालू से भरा हाइवा लेकर चालक वहां से भागने लगा। इसी दौरान हड़बड़ी में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया।

वाहन के नीचे दबा चालक, कानपुर रेफर

हाइवा पलटने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्लांट में मौजूद लोगों ने चालक को बाहर निकालने के लिए मशक्कत की। उसे वाहन के नीचे से निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

चालक की हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे के इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। हादसे का वीडियो सोमवार को सामने आया, जिसमें घटना के दौरान की स्थिति दिखाई दे रही है।

तहसीलदार से मांगा गया स्पष्टीकरण

बरौंधा थाना प्रभारी अभिनव सिंह ने बताया कि घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजकर प्राथमिक जांच शुरू की गई है। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। घायल चालक का बयान लेने का भी प्रयास किया जा रहा है।

उधर, घटना को लेकर अतर्रा तहसीलदार महेंद्र कुमार पांडेय से स्पष्टीकरण मांगा गया है। अतर्रा एसडीएम शैलेन्द्र मिश्रा ने बताया कि तहसीलदार फिलहाल फील्ड में हैं और उनसे पूरे मामले में जवाब मांगा गया है।

पुलिस जांच और प्रशासनिक स्पष्टीकरण के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *