भोपाल स्कूल वैन हमला: बच्चों से भरी वैन के चालक पर जानलेवा हमला

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चूनाभट्टी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बच्चों से भरी एक स्कूल वैन को बीच सड़क पर रोककर उसके चालक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने पहले मोटरसाइकिल वैन के सामने लगाकर रास्ता रोका और जैसे ही चालक नीचे उतरा, उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चालक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।

फिल्मी अंदाज में रोकी गई स्कूल वैन

जानकारी के अनुसार घटना ओम नगर इलाके में हुई। पीड़ित चालक अयाज खान बच्चों को स्कूल से लेकर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने वैन के आगे मोटरसाइकिल अड़ा दी। चालक जब रास्ता साफ कराने नीचे उतरा तो हमलावरों ने तलवार और चाकुओं से हमला कर दिया। वैन में बैठे बच्चों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जमीन विवाद को बताया जा रहा वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे पुराना पैतृक जमीन विवाद हो सकता है। पीड़ित का आरोप है कि हमला करने वाले लोग उसे जमीन छोड़ने की धमकी दे रहे थे। घटना के बाद कुछ आरोपियों ने कथित तौर पर उसके घर पहुंचकर परिवार को भी डराने-धमकाने की कोशिश की। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।

बच्चों में दहशत, लोगों ने बचाने की कोशिश

हमले के दौरान वैन में मौजूद बच्चे बुरी तरह घबरा गए। स्थानीय लोगों ने चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें भी हथियार दिखाकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस

चूनाभट्टी थाना पुलिस ने घायल चालक का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हमले की साजिश और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *