छिंदवाड़ा। परासिया क्षेत्र की जमुनिया जेठू ग्राम पंचायत स्थित ग्रीन ब्रिक्स फैक्ट्री में 24 जून की रात हुए ब्लास्ट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में सुरक्षा मानकों में लापरवाही सामने आने के बाद फैक्ट्री मालिक और बायलर मशीन ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जांच में उजागर हुई सुरक्षा में चूक
पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री में उच्च दबाव वाली भाप से संचालित स्टेरिलाइजर (ऑटोक्लेव) मशीन में विस्फोट हुआ था। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाए जाने पर फैक्ट्री मालिक नरेश पीपरे और भोपाल निवासी बायलर ठेकेदार संजय बारस्कर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 289 और 125-ए के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
तीन कर्मचारी झुलसे थे
हादसे में फैक्ट्री के ऑपरेटर मंगलू यादव, राहुल चौरे सहित एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के बाद घायल कर्मचारी राहुल चौरे की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
फैक्ट्री में काम करते हैं दर्जनों कर्मचारी
जानकारी के अनुसार, ग्रीन ब्रिक्स फैक्ट्री में करीब 14 ऑपरेटर और 24 से 30 कर्मचारी कार्यरत हैं। हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और मशीनों के संचालन को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। तकनीकी रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अन्य लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।