मजदूर बनकर ऑटो से पहुंचे पुलिसकर्मी, जुआ फड़ पर छापा; 5 जुआरी गिरफ्तार, शहर में निकाला जुलूस

छिंदवाड़ा पुलिस ने जुआ के अवैध कारोबार पर फिल्मी अंदाज में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिसकर्मी मजदूरों का भेष बनाकर ऑटो से जुआ अड्डे तक पहुंचे और अचानक दबिश देकर पांच जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के अगले दिन आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला गया।

मजदूर बनकर पहुंची पुलिस, रंगे हाथ पकड़े गए जुआरी

पुलिस के अनुसार, लालबाग रेलवे पटरी के पास लंबे समय से चोरी-छिपे जुआ फड़ संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात करीब 12:30 बजे विशेष रणनीति बनाई। पुलिसकर्मी मजदूरों का भेष धारण कर ऑटो से जुआ अड्डे तक पहुंचे और अचानक दबिश देकर जुआ खेल रहे लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पांच आरोपी गिरफ्तार, फड़ संचालक भी पकड़ा गया

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कथित फड़ संचालक सोहेल उर्फ सोहेल चटाई समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों में अंकित रघुवंशी, संतोष अहिरवार, सोहेल खान और मोहम्मद सोहेल शामिल हैं।

जुआ एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13(ए) सहित अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

शहर में निकाला गया जुलूस

रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का शहर की सड़कों पर जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते दिखाई दिए। कार्रवाई का उद्देश्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को सख्त संदेश देना बताया गया।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष धुर्वे, एसआई नारायण बघेल, एएसआई बृजेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक युवराज रघुवंशी तथा आरक्षक विकास बैस, सागर भास्कर और आदित्य रघुवंशी की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *