जबलपुर। जबलपुर-नागपुर रोड पर बंजारी स्थित रमनपुर घाटी में गुरुवार देर रात एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक उसकी चपेट में आ गया। ट्रक में नासिक से बनारस ले जाए जा रहे अनार पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि चालक और परिचालक समय रहते ट्रक से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
नासिक से बनारस जा रहा था ट्रक
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MP-20-HB-6764 नासिक से अनार लोड कर वाराणसी (बनारस) जा रहा था। ट्रक को चालक सुशील कुमार साकेत चला रहे थे, जबकि सुरेश साकेत परिचालक के रूप में उनके साथ मौजूद थे। रमनपुर घाटी के पास पहुंचते ही चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। चालक ने जैसे ही धुआं और आग की लपटें देखीं, तुरंत ट्रक रोककर परिचालक के साथ सुरक्षित बाहर निकल आया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना चालक ने तत्काल पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने नगर निगम की फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही जबलपुर मुख्यालय से दमकल की टीम मौके के लिए रवाना हुई।
फायर ब्रिगेड पहुंचने तक आग ने लिया विकराल रूप
ट्रक मालिक प्रणव द्विवेदी ने बताया कि दमकल की टीम को मौके तक पहुंचने में समय लग गया। इस दौरान आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते ट्रक और उसमें लदा पूरा अनार जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर आग के कारणों की पड़ताल की जा रही है।