IMD Alert: 18 राज्यों में भारी बारिश का खतरा, कई जगह रेड-ऑरेंज अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे देश में सक्रिय हो चुका है। इसके प्रभाव से शुक्रवार (10 जुलाई) को उत्तर, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में 60 से 85 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक समेत कुल 18 राज्यों में कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

जलभराव, बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने को कहा गया है।

दिल्ली-NCR और मध्य भारत पर विशेष नजर

दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। वहीं मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पहले से अलर्ट जारी है।

किसानों के लिए भी अहम अपडेट

हालांकि देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कुछ क्षेत्रों में मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ सकती है। इससे खरीफ फसलों की बुवाई पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *