देवास के कन्नौद में बड़ा हादसा: चलती मिक्सर मशीन बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान

मध्य प्रदेश के देवास जिले के कन्नौद में शनिवार को नेशनल हाईवे निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा टल गया। ब्रिज निर्माण स्थल के पास चल रही 10 पहिया मिक्सर मशीन में अचानक भीषण आग लग गई। चालक ने समय रहते केबिन से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि मशीन का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

कैसे हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य में लगी 10 पहिया मिक्सर मशीन (RJ 09 GD 7074) अचानक आग की चपेट में आ गई। चलते वाहन के केबिन से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत वाहन रोका और बाहर कूद गया। देखते ही देखते आग ने मिक्सर मशीन के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही कन्नौद नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बड़ा हादसा टला

मिक्सर मशीन में आग लगने के समय आसपास निर्माण कार्य चल रहा था। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली और किसी अन्य मजदूर या राहगीर के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग के कारण मशीन के केबिन और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *