पुरानी कचहरी के श्रीहनुमान मंदिर से चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

कटनी। डिजिटल डेस्क

पुरानी कचहरी स्थित श्रीहनुमान मंदिर में 28 अगस्त को हुई चांदी के मुकुट की चोरी का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी का मुकुट बरामद करते हुए एक आरोपी और चोरी का माल खरीदने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

28 अगस्त की दोपहर सामने आई थी चोरी

जानकारी के अनुसार पुरानी कचहरी स्थित श्रीहनुमान मंदिर में अनंत राम मिश्रा पुजारी हैं। 28 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे मंदिर पहुंचने पर उन्हें अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर श्रीहनुमान जी का चांदी का मुकुट गायब मिला।

मंदिर के बगल में लगी खिड़की की जाली भी टूटी हुई थी। इसके बाद पुजारी के बेटे अनंतराम मिश्रा, निवासी राजीव गांधी वार्ड, कटनी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत अपराध क्रमांक 950/26 दर्ज किया गया।

मंदिर में CCTV नहीं था, आसपास के कैमरों से मिली अहम कड़ी

परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। ऐसे में आरोपियों की पहचान पुलिस के लिए चुनौती थी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

पुलिस के अनुसार, फुटेज में दो संदिग्ध युवक मंदिर के आसपास लगातार रेकी करते हुए दिखाई दिए। फुटेज से मिले हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

सराफा बाजार में मिला संदिग्ध, पूछताछ में खुला राज

इसी दौरान पुलिस टीम को सराफा बाजार में सीसीटीवी फुटेज से मिले हुलिए से मिलता-जुलता एक संदिग्ध युवक मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन नामदेव (19), पिता रमेश नामदेव, निवासी इंद्रजीत की दफाई, खलवारा बाजार, कैमोर, जिला कटनी बताया।

सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त तस्वीर दिखाए जाने पर पवन ने दूसरे संदिग्ध की पहचान लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन, निवासी बरही जिला कटनी के रूप में की।

जाली तोड़कर मंदिर में घुसने का आरोप

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान पवन ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। बाद में सघन पूछताछ में उसने अपने साथी लेखराज के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरोपी के कथित बयान के अनुसार, दोनों ने 28 अगस्त को दोपहर के समय मंदिर के आसपास सुनसान होने का फायदा उठाया और खिड़की की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद श्रीहनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी कर लिया।

15 हजार रुपये में बेच दिया था चोरी का मुकुट

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किया गया चांदी का मुकुट उसके साथी मयूर उर्फ भूरा बेन ने कटनी के सराफा बाजार में धर्मेन्द्र सोनी (29), पिता किशनलाल सोनी, निवासी शिवनगर, कटनी को 15 हजार रुपये में बेचा था।

पवन ने बताया बिक्री की रकम में से उसे 5 हजार रुपये मिले थे। इसके बाद पुलिस टीम ने सराफा बाजार पहुंचकर धर्मेन्द्र सोनी को अभिरक्षा में लिया और उसके कब्जे से चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद कर लिया।

मुकुट की कीमत 25 हजार, आरोपी का 1500 रुपए बरामद

बरामद चांदी के मुकुट की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये है। वहीं, मुकुट की बिक्री से पवन को मिले 5 हजार रुपये में से शेष 1500 रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

मामले में फरार आरोपी लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन को पुलिस ने निगरानी बदमाश बताया है। वह घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *