मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने मंत्रिमंडल में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग वापस ले लिया गया है। अब यह विभाग सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास रहेगा।
क्या हुआ
मध्य प्रदेश सरकार ने विभागों के पुनर्वितरण का आदेश जारी करते हुए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग का प्रभार वापस ले लिया। अब इस विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं संभालेंगे। वहीं, लखन पटेल को आनंद विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
राजनीतिक हलकों में बढ़ीं चर्चाएं
सरकार के इस फैसले के बाद भोपाल के राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, सरकार की ओर से विभाग बदलने के पीछे कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है। इसे सामान्य प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री से की मुलाकात
विभाग में बदलाव के बाद पथरिया विधायक और राज्य मंत्री लखन पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात भी की। हालांकि मुलाकात के बाद दोनों नेताओं की ओर से कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया।
पहले संभाल रहे थे पशुपालन विभाग
लखन पटेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसी विभाग के माध्यम से राज्य सरकार गौशाला नीति, डेयरी विकास और पशुपालन से जुड़ी कई योजनाओं पर काम कर रही थी।