नरोत्तम मिश्रा का प्रशासन पर हमला, बोले- ‘मैं भूलने वाला प्राणी नहीं, दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं’

दतिया में भाजपा कार्यकर्ता बैठक के दौरान पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला। मंच से उन्होंने कलेक्टर और एसपी को चेतावनी भरे अंदाज में संबोधित करते हुए कहा कि वह ‘भूलने वाले प्राणी नहीं हैं’ और ‘दोस्ती व दुश्मनी दोनों याद रखते हैं।’ वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जिला प्रशासन को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने मंच से कहा, ‘मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं। मैं दोस्ती भी याद रखता हूं और दुश्मनी भी याद रखता हूं।‘ उनके इस बयान को प्रशासन के लिए कड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।

चक्का जाम और पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

डॉ. मिश्रा ने हाल ही में दतिया में हुए चक्का जाम और विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि यदि प्रशासन को हाईवे खाली कराना था तो वह वैधानिक तरीके से कर सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय पर आंसू गैस के गोले दागे गए, जिसकी कोई आवश्यकता नहीं थी। उनके मुताबिक पुलिस की यह कार्रवाई अनुचित और अनावश्यक थी।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को बताया गलत

पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर दिए, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता प्रशासन के इस रवैये को भूले नहीं हैं और समय आने पर इसका जवाब दिया जाएगा।

दतिया की राजनीति में फिर गरमाया माहौल

गौरतलब है कि हाल ही में दतिया में हुए विरोध प्रदर्शन और चक्का जाम के बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की थी। उसी कार्रवाई को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा के इस बयान के बाद दतिया की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *