जिस मोबाइल की उम्मीद छोड़ चुके थे लोग, उसे डिंडौरी पुलिस ने वापस दिलाया
जिस मोबाइल के हमेशा के लिए खो जाने की उम्मीद छोड़ चुके थे, वह जब दोबारा हाथ में आया तो लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। डिंडौरी पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से 271 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंप दिए।
डिंडौरी पुलिस की बड़ी सफलता
डिंडौरी पुलिस ने जिलेभर में गुम हुए 271 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 48 लाख 78 हजार रुपये है। पुलिस ने मोबाइल ट्रैकिंग, IMEI ट्रेसिंग और डिजिटल निगरानी जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर यह सफलता हासिल की।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा धर्मेंद्र सिंह और सभी एसडीओपी के पर्यवेक्षण में की गई।
किस थाने से कितने मोबाइल बरामद हुए
- कोतवाली डिंडौरी – 45
- शहपुरा – 73
- समनापुर – 61
- बजाग – 30
- मेहंदवानी – 19
- गाड़ासरई – 18
- करंजिया – 14
- शाहपुर – 11
2024 से अब तक 1,544 मोबाइल रिकवर
डिंडौरी पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक जिले में कुल 1,544 गुम मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 2.77 करोड़ रुपये है। यह उपलब्धि जिले के लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करने वाली मानी जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल रिकवरी अभियान में साइबर सेल और विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने तकनीकी साधनों का प्रभावी उपयोग किया। मुकेश प्रधान, पंकज कुशराम, श्याम तिवारी, जगदीश प्रसाद, राम सिंह, सुनील पट्टा, गोविंद चौरे, रामनंदन सनोडिया, शिवपाल, रविंद्र कुम्हरे, महेंद्र धुर्वे, पल्लवी और नीतू वर्मा की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
मोबाइल गुम हो जाए तो क्या करें
डिंडौरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन में सूचना दें। साथ ही केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। इसके लिए मोबाइल का IMEI नंबर, खरीद की रसीद, पहचान पत्र और शिकायत की कॉपी अपलोड करनी होती है।