प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेशेल्स की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, इस समारोह में भाग लेने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने।
इस वर्ष सेशेल्स अपनी आजादी की स्वर्ण जयंती मना रहा है। इसी के साथ भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के भी 50 वर्ष पूरे हो गए हैं। इस खास अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियों ने राष्ट्रीय परेड में हिस्सा लिया। भारतीय दल में असम राइफल्स, भारतीय नौसेना और नौसेना की मार्चिंग बैंड शामिल रही, जिसने दोनों देशों के मजबूत रक्षा सहयोग को प्रदर्शित किया।
समारोह के तहत भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक भी पोर्ट विक्टोरिया पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को भारत और सेशेल्स के बीच गहरी मित्रता, रणनीतिक साझेदारी और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।