रीवा में 10 करोड़ की MD ड्रग्स जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार; मऊगंज फैक्ट्री से जुड़े तार

रीवा। विंध्य क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत रीवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गढ़ थाना क्षेत्र के लालगांव चौकी अंतर्गत सोनवर्षा गांव में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 3.087 किलोग्राम MD ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई मऊगंज जिले में हाल ही में उजागर हुई अवैध MD ड्रग्स फैक्ट्री के बाद हुई दूसरी बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब दोनों मामलों के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

IG को मिली थी गोपनीय सूचना

पुलिस के अनुसार रीवा रेंज के आईजी गौरव सिंह राजपूत को ड्रग्स की बड़ी खेप की सूचना मिली थी। इसके बाद उनके निर्देश पर एसपी गुरकरन सिंह के नेतृत्व में गढ़ थाना और लालगांव चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।

सोनवर्षा गांव में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई इतनी तेजी से की गई कि आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला।

महाराष्ट्र भेजी जानी थी MD ड्रग्स

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बड़ी मात्रा में MD ड्रग्स की खेप महाराष्ट्र के नागपुर और अन्य क्षेत्रों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

मऊगंज ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़े मिले तार

जांच के दौरान पुलिस को इस कार्रवाई के तार मऊगंज जिले में पकड़ी गई अवैध MD ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़े मिले हैं। एसपी गुरकरन सिंह ने बताया कि मऊगंज में गिरफ्तार आरोपी चंदन सिंह और रीवा से गिरफ्तार आरोपी ममंडप सिंह आपस में सगे भाई हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार चंदन सिंह ड्रग्स तैयार करता था, जबकि ममंडप सिंह उसकी सप्लाई का काम करता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रीवा से बरामद की गई खेप मऊगंज की फैक्ट्री में तैयार की गई थी या कहीं अन्य स्थान से लाई गई थी।

दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पुलिस ने इस मामले में ममंडप सिंह और ज्ञानभूषण शर्मा को गिरफ्तार किया है। दोनों गढ़ थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन कहां से लाए जाते थे और पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत कार्रवाई

एसपी गुरकरन सिंह ने बताया कि प्रदेशभर में चल रहे ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3087 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। मामले में आगे भी कार्रवाई जारी है।

आईजी बोले- पूरे नेटवर्क को किया जाएगा ध्वस्त

रीवा रेंज के आईजी गौरव सिंह राजपूत ने कहा कि विंध्य क्षेत्र से नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में जल्द विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: मऊगंज में हाईटेक ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, मुंबई तक होती थी सप्लाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *