VIDEO CALL पर बोला- ‘मैं जहर खा रहा हूं’, मिनटों में पहुंची पुलिस और बच गई जान

रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा जिले में पुलिस और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। बैकुंठपुर क्षेत्र के रहने वाले युवक ने कथित तौर पर दोस्तों और परिजनों को वीडियो कॉल कर जहर खाने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने तुरंत साइबर सेल से संपर्क किया।

लोकेशन ट्रेस होते ही पहुंची पुलिस

साइबर सेल ने युवक की लोकेशन ट्रेस कर सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम कबाड़ी मोहल्ला के पास बीहर नदी किनारे पहुंची, जहां युवक अचेत अवस्था में मिला। उसे बिना देर किए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया।

समय पर इलाज मिलने से बची जान

सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि अस्पताल में इलाज के कुछ समय बाद युवक को होश आ गया। चिकित्सकों की तत्परता और समय पर अस्पताल पहुंचाने के कारण उसकी जान बचाई जा सकी। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बिजनेस में घाटे से था परेशान

प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह व्यवसाय में लगातार हो रहे नुकसान के कारण मानसिक तनाव में था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। परिजनों ने भी बताया कि वह पिछले कई दिनों से परेशान चल रहा था।

परिजनों ने दिखाई सूझबूझ

वीडियो कॉल के दौरान युवक ने जहर खाने की जानकारी तो दी, लेकिन यह नहीं बताया कि वह किस स्थान पर है। परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने कोई जानकारी साझा नहीं की। इसके बाद परिवार ने तुरंत साइबर सेल की मदद ली, जिससे उसकी लोकेशन का पता चल सका और समय रहते पुलिस उसे अस्पताल पहुंचाने में सफल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *