SATNA NEWS: तेज रफ्तार हाइवा पलटा, देखते ही देखते धधक उठा; चालक फरार

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र के रीवा रोड पर सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे एक हाइवा हादसे का शिकार हो गया। पुलिस के अनुसार, नो-एंट्री समाप्त होने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हुई थी। इसी दौरान रीवा की ओर से आ रहा हाइवा फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन पलटते ही उसमें आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे हाइवा को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद कोलगवां थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।

चालक ने बाहर निकलकर बचाई जान

हादसे के दौरान चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा और मौके से चला गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल ने एक घंटे बाद पाया आग पर काबू

दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर करीब एक घंटे बाद आग को पूरी तरह बुझाया। हालांकि तब तक हाइवा बुरी तरह जल चुका था। आग और दुर्घटना के कारण रीवा रोड की एक लेन पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर रास्ता सामान्य कराया।

डीजल टैंक फटने की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि डिवाइडर से जोरदार टक्कर के कारण हाइवा का डीजल टैंक क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। वाहन में लेटेराइट अथवा बॉक्साइट जैसा खनिज लोड था। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद चालक लड़खड़ाते हुए घटनास्थल से निकलता दिखाई दिया। इस आधार पर उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क कर रही है और चालक की तलाश के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *