मैहर। किरण राव निर्देशित चर्चित फिल्म ‘लापता लेडीज’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा कर फिल्म निर्माता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिनेता का दावा है कि मध्य प्रदेश के मैहर में फिल्म की शूटिंग पूरी कराने के बाद उन्हें तय पारिश्रमिक नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, पैसे मांगने पर उन्हें धमकी भी दी गई। वीडियो वायरल होने के बाद मैहर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए अभिनेता और उनके साथियों को सुरक्षित मुंबई रवाना कर दिया।
8 दिन तक की शूटिंग, फिर पैसे देने से किया इनकार
सतेंद्र सोनी के अनुसार उन्हें फिल्म ‘पेड़ पालकी’ की शूटिंग के लिए मैहर बुलाया गया था। उन्होंने लगातार आठ दिनों तक शूटिंग की, लेकिन काम पूरा होने के बाद निर्माता पुष्पेन्द्र सिंह ने उनका पारिश्रमिक देने से इनकार कर दिया।
अभिनेता का आरोप है कि जब उन्होंने अपने मेहनताने की मांग की तो उन्हें पैसे देने के बजाय धमकाया गया। इस घटना के बाद वे मानसिक रूप से परेशान हो गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर रोते हुए अपनी आपबीती साझा की।
रोते हुए वीडियो ने सोशल मीडिया पर मचाई हलचल
सतेंद्र सोनी द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में वे भावुक होकर पूरी घटना बताते नजर आए। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके समर्थन में आवाज उठानी शुरू कर दी। इसके बाद मामला मैहर पुलिस के संज्ञान में पहुंचा।
मैहर पुलिस ने दिखाई तत्परता
वीडियो सामने आने के बाद मैहर कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस टीम अभिनेता के पास पहुंची और उनसे बातचीत की। अभिनेता ने पुलिस को बताया कि वे अब मैहर में रुककर आगे काम नहीं करना चाहते। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई और अभिनेता सतेंद्र सोनी तथा उनके साथियों को ट्रेन से सुरक्षित मुंबई रवाना कर दिया।
मुंबई पहुंचकर जताया पुलिस का आभार
रविवार सुबह अभिनेता ने रेलवे स्टेशन से एक और वीडियो साझा किया। इस वीडियो में उनके साथ कलाकार श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा भी दिखाई दिए।
वीडियो में सतेंद्र सोनी ने कहा कि वे सुरक्षित मुंबई पहुंच गए हैं। उन्होंने इस कठिन समय में सहयोग के लिए मैहर पुलिस, जिला पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी और पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद व्यक्त किया।
पुलिस ने क्या कहा
मैहर कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस टीम कलाकारों से मिली और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें सुरक्षित मुंबई रवाना किया।
हालांकि अभिनेता द्वारा लगाए गए पारिश्रमिक न मिलने और धमकी देने के आरोपों की जांच की जा रही है। इस मामले में निर्माता पक्ष की प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।