सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में दोस्ती का भरोसा तोड़ने का एक मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग ने अपने दोस्त के घर से उसके पिता का एटीएम कार्ड चोरी कर लिया और उससे 50 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद चोरी का खुलासा हुआ। कोतवाली पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में पेश कर दिया।
मोबाइल पर आए मैसेज से हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक, 27 जून को खेरमाई मंदिर मार्ग स्थित खजुरी टोला निवासी एक परिवार के घर से एटीएम कार्ड गायब हो गया था। कुछ ही देर बाद खाताधारक के मोबाइल पर बैंक खाते से रकम निकलने के कई मैसेज आए। जांच में पता चला कि खाते से कुल 50 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं।
दोस्त पर था शक, पूछताछ में कबूला जुर्म
पीड़ित ने अपने बेटे के नाबालिग दोस्त पर संदेह जताते हुए कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्ध नाबालिग को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में उसने एटीएम कार्ड चोरी कर पैसे निकालने की बात स्वीकार कर ली।
नकदी और ATM कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद और चोरी किया गया एटीएम कार्ड बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।