सतना। जिले के नागौद क्षेत्र स्थित हरदुआ विद्युत उपकेंद्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आउटसोर्स बिजली ऑपरेटर नौकरी से हटाए जाने के विरोध में सब स्टेशन की चालू विद्युत लाइन के पोल पर चढ़ गया। कर्मचारी ने अपनी मांगें नहीं माने जाने पर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। जानकारी के अनुसार आउटसोर्स ऑपरेटर अजय वर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में की गई कटौती का कर्मचारियों ने विरोध किया था। उनके मुताबिक इसी विरोध का बदला कर्मचारियों से लिया जा रहा है।
अजय वर्मा का दावा है कि विरोध करने वाले कई कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया, जबकि कुछ को दूरस्थ क्षेत्रों में स्थानांतरित कर दिया गया। इसी कार्रवाई से नाराज होकर वह हरदुआ सब स्टेशन पहुंचा और चालू लाइन के पोल पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कर्मचारी काफी देर तक पोल पर बैठा रहा और अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर जान देने की चेतावनी देता रहा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। वहीं नागौद पुलिस ने भी पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। अधिकारियों द्वारा कर्मचारी को समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की जा रही थी। घटना के चलते कुछ समय के लिए उपकेंद्र परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद विभागीय अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन पर अजय वर्मा पोल से नीचे उतर आया। अधिकारियों ने उसे सतना ले जाकर वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उसकी समस्याएं रखने तथा मामले का उचित निराकरण कराने का भरोसा दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और प्रशासन ने राहत की सांस ली।