बाइक में पेट्रोल डालते ही भड़की आग, लाइटर जलाते ही नाबालिग चपेट में

सतना। डिजिटल डेस्क

मझगवां थाना क्षेत्र के हिरौंदी गांव में शनिवार दोपहर मोटरसाइकिल में पेट्रोल डालते समय आग भड़क गई। हादसे में एक नाबालिग गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।

पेट्रोल डालते समय अचानक भड़की आग

पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर नाबालिग एक बोतल में पेट्रोल लेकर आया था और उसे अपनी मोटरसाइकिल में डाल रहा था। इसी दौरान पास खड़े एक युवक ने लाइटर जला दिया।

लाइटर की लौ पेट्रोल के संपर्क में आते ही अचानक आग भड़क गई और नाबालिग उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सीने, पेट और हाथ झुलसे

आग की चपेट में आने से नाबालिग के सीने, पेट और हाथ झुलस गए हैं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया।

पेट्रोल की फुटकर बिक्री पर भी उठे सवाल

हादसे के बाद हिरौंदी और आसपास के गांवों में पेट्रोल-डीजल की कथित अवैध फुटकर बिक्री का मुद्दा भी सामने आया है। आरोप है कि कुछ किराना दुकानों, पान-गुटखा की दुकानों और चाय के टपरों की आड़ में पेट्रोल-डीजल की बिक्री की जा रही है।

बताया जा रहा है कि हादसे में इस्तेमाल किया गया पेट्रोल भी ऐसी ही किसी दुकान से लाया गया था। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस कर रही मामले की पड़ताल

पुलिस घटना की परिस्थितियों के साथ-साथ पेट्रोल कहां से लाया गया था, इसकी भी पड़ताल कर रही है। यदि जांच में बिना अनुमति पेट्रोल की फुटकर बिक्री की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *