सतना। डिजिटल डेस्क
सतना में अवैध शराब की तस्करी और सप्लाई के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 7.90 लाख रुपये की शराब और बिना नंबर की कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
ऑर्डर मिलते ही कार से पहुंचाते थे शराब
सहायक आबकारी आयुक्त सुरेंद्र कुमार उरांव के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि शामू खान, विक्की उर्फ राहुल सिंह और पप्पू सिंह सटोरिया बाहर से शराब लाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई कर रहे हैं।
बताया गया कि आरोपी शराब के अवैध विक्रेताओं से ऑर्डर मिलने के बाद बिना नंबर की कार से शराब पहुंचाते थे। इसके लिए आदर्श नगर इलाके को उन्होंने अपना ठिकाना बना रखा था।
मुखबिर की सूचना पर मकान में दबिश
सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी टीम ने शनिवार रात आदर्श नगर-हवाई पट्टी में देवी मंदिर के पास स्थित एक मकान पर दबिश दी। टीम को देखते ही वहां मौजूद तीन लोग अंधेरी गली की तरफ भाग निकले।
आबकारी अमले ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। इसके बाद टीम ने मकान की तलाशी शुरू की।
105.5 लीटर शराब बरामद
मकान के अलग-अलग कमरों की तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 105.5 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई।
मकान के दूसरे हिस्से में एक बिना नंबर की कार भी खड़ी मिली। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। शराब और कार समेत जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब 7.90 लाख रुपये है।
तीनों के खिलाफ आबकारी एक्ट में केस
प्राथमिक जांच में मौके से फरार आरोपियों की पहचान शामू खान, विक्की उर्फ राहुल सिंह और पप्पू सिंह के रूप में की गई है। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जिस मकान से शराब और कार बरामद हुई, उसका मालिक पिंटू सटोरिया बताया गया है।
कार से शहर में होती थी शराब की सप्लाई
आबकारी विभाग की कार्रवाई में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर कार का इस्तेमाल शराब की सप्लाई के लिए करते थे। बिना नंबर की कार से शहर के अलग-अलग इलाकों में शराब पहुंचाने की सूचना विभाग को पहले से मिल रही थी।
अब जांच का एक अहम पहलू यह भी रहेगा कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इस सप्लाई नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हुए हैं।
इनकी रही कार्रवाई में अहम भूमिका
कार्रवाई में सतना सर्किल क्रमांक-1 के प्रभारी आशीष वाटिया, नागौद सर्किल प्रभारी संजय साकेत, मुख्य आरक्षक शंकर दयाल प्रजापति, राजकरण त्रिपाठी, मंगलदीन कोल, आरक्षक आशुतोष तिवारी और अमृता उरमलिया की अहम भूमिका रही।