सतना में वकील के सूने घर से 37 लाख की चोरी, CCTV में कैद हुए दो नकाबपोश

सतना के सोनौरा क्षेत्र स्थित हाईकोर्ट जबलपुर के अधिवक्ता रजनीश शर्मा के घर में 2 और 3 जुलाई की दरमियानी रात चोरी की वारदात हुई। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। बदमाश घर के पीछे की ओर से अंदर घुसे और ऑफिस में रखी तिजोरी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 37 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने घर के दूसरे कमरे में रखी अलमारी की तिजोरी भी खंगाली और वहां से सोने-चांदी के जेवरात भी चोरी कर लिए। पीड़ित के अनुसार यह रकम जमीन के एक सौदे के लिए घर में रखी गई थी।

पीछे से घुसे, तार फेंसिंग काटी

रजनीश शर्मा के पिता शंकरदीन शर्मा रविवार को जब घर के पीछे पहुंचे तो उन्होंने तार फेंसिंग कटी हुई देखी। पानी की टंकी के पास छत पर चढ़ने के निशान भी मिले। जब घर की जांच की गई तो सामान बिखरा मिला और तिजोरियां टूटी हुई थीं। इसके बाद उन्होंने रजनीश शर्मा को सूचना दी, जो जबलपुर से सतना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

CCTV में कैद हुए दो संदिग्ध

घर में लगे CCTV की रिकॉर्डिंग में दो नकाबपोश संदिग्ध घर में घुसते दिखाई दिए हैं। हालांकि बदमाश जाते समय DVR और घर में लगे सात CCTV कैमरे भी अपने साथ ले गए। पीड़ित ने पुलिस को उपलब्ध रिकॉर्डिंग और लिखित शिकायत सौंपते हुए दो संदिग्धों पर चोरी करने का संदेह जताया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोलगवां थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *