सतना के मझगवां वन परिक्षेत्र के बिछियन जंगल में शिकारियों ने कथित तौर पर जंगली सूअर का शिकार करने के लिए बिजली का करंट बिछाया था। इसी दौरान करंट की चपेट में एक बाघ आ गया और उसकी मौत हो गई। आरोप है कि बाघ की मौत के बाद शिकारियों ने शव से 18 नाखून और 4 केनाइन निकाल लिए। इसके बाद पहचान और सबूत मिटाने के उद्देश्य से बाघ के शव को जंगल में ही दफना दिया गया। यह घटना करीब दो महीने तक छिपी रही, लेकिन बाद में इसकी जानकारी वन विभाग तक पहुंची।
नाखून और केनाइन के बंटवारे से खुला राज
जांच में सामने आया कि बाघ के अंगों को आरोपियों के बीच बांटा गया था। सूत्रों के अनुसार, कुछ आरोपियों ने नाखून निकाले तो कुछ ने केनाइन अपने कब्जे में रख लिए। इन्हीं के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मामला जंगल से बाहर निकलकर वन विभाग तक पहुंच गया। वन विभाग अब तक 4 नाखून और 2 केनाइन बरामद कर चुका है। बाकी अंगों की तलाश जारी है।
वन चौकीदार समेत 8 आरोपी गिरफ्तार
वन विभाग ने अब तक इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में वन विभाग का चौकीदार मिन्नता सिंह गोंड़ भी शामिल है। जांच एजेंसी का दावा है कि उसकी भूमिका बाघ के शिकार के बाद शव को दफनाने और साक्ष्य छिपाने में सामने आई है। चौकीदार के भाई प्रेम सिंह गोंड़ के कब्जे से भी दो केनाइन और दो नाखून बरामद किए गए हैं। वहीं एक अन्य आरोपी रामकुशल कोल के घर से दो नाखून मिलने की पुष्टि हुई है।
लापरवाही पर बीटगार्ड निलंबित
घटना में प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए वन विभाग ने कररिया बीट के प्रभारी बीटगार्ड एम.एस. पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्हें बरौंधा अटैच किया गया है। इसके अलावा घटना के समय संबंधित सर्किल का प्रभार संभाल रहे ट्रेनी रेंजर को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पहले बेटा, अब पिता भी बाघ शिकार का आरोपी
जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया है। वर्ष 2019 में सरभंगा क्षेत्र में बाघ के शिकार के मामले में गिरफ्तार हुए आरोपी अनिल कोल के पिता मुन्ना कोल का नाम भी इस मामले में सामने आया है। इससे संकेत मिलता है कि परिवार के दो सदस्य अलग-अलग मामलों में बाघ शिकार के आरोपों में घिर चुके हैं।
वन विभाग की जांच जारी
वन विभाग का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क और अन्य लोगों की संलिप्तता से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। शेष नाखून और केनाइन बरामद करने के प्रयास भी जारी हैं।