सतना। डिजिटल डेस्क
सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मंदाकिनी विहार कॉलोनी में विजयदशमी पर शस्त्र पूजन के बाद एक गंभीर हादसा हो गया। लाइसेंसी बंदूक से अचानक गोली चलने के कारण सहायक जिला आबकारी अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी दीपमाला सिंह (50) घायल हो गईं। गोली उनके पेट में लगी है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा रेफर किया गया है।
बंदूक उठाते समय अचानक चली गोली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विजयदशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन के लिए लाइसेंसी बंदूक निकाली गई थी। पूजन के बाद दीपमाला सिंह बंदूक को मंदिर से उठाकर घर के अंदर रखने जा रही थीं। इसी दौरान बंदूक उनके हाथ से छूटकर नीचे गिर गई। बताया गया है कि गिरने से बंदूक से गोली चल गई, जो उनके पेट में जा लगी।
गोली चलने की आवाज सुनकर उनके पति देवेंद्र प्रताप सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल पत्नी के पेट पर कपड़ा बांधा और निजी वाहन से उन्हें जिला अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रीवा रेफर कर दिया।
घर पहुंची पुलिस, बंदूक और कांच के टुकड़े मिले
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उपलब्ध साक्ष्य जुटाए। किरायेदारों से भी घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की गई।
पुलिस को घर में 12 बोर की डबल बैरल बंदूक मिली। वहीं, किचन की खिड़की के कांच के टुकड़े जमीन पर बिखरे मिले। घटनास्थल पर खून के धब्बे नहीं पाए गए और न ही कोई खोखा बरामद हुआ।
मकान सील कर जांच में जुटी पुलिस
घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने आगे की जांच के लिए मकान सील कर दिया है। अब पुलिस घायल दीपमाला सिंह और उनके पति से पूछताछ कर गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। घटना को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा।