सतना। जिले में मेडिकल नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों लंबे समय से नशीली दवाओं की तस्करी और फुटकर बिक्री में लिप्त थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली गोलियां, कफ सिरप और बिक्री में इस्तेमाल किया जा रहा ई-रिक्शा जब्त किया है।
ई-रिक्शा में बेच रहा था नशीली दवाएं
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार रात गश्त के दौरान पुलिस टीम ने चांदनी टॉकीज के पास एक ई-रिक्शा में मेडिकल नशे की दवाओं की बिक्री कर रहे अजय अग्रवाल उर्फ बंटा (52) निवासी रामना टोला को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बैग से नशीली टैबलेट और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने बिक्री में इस्तेमाल हो रहा ई-रिक्शा भी जब्त कर लिया।
घर पर छापे में पत्नी भी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं उसके घर में रखी हुई हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने रामना टोला स्थित उसके घर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आरोपी की पत्नी सुनीता अग्रवाल (48) के कब्जे से 550 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने महिला को भी अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। शनिवार सुबह दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सतना पुलिस का कहना है कि जिले में मेडिकल नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।