सतना के मझगवां थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी अजय उर्फ अज्जू जायसवाल को पुलिस ने शनिवार शाम सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महदेवा से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम उसे आगे की कार्रवाई के लिए लेकर जा रही थी, तभी कोठी तिराहे के पास उसके साथियों ने वाहन को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। बताया गया कि आरोपियों ने पुलिस टीम से झूमाझटकी करते हुए अजय को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
छह महीने पुराने लूटकांड में थी तलाश
पुलिस के मुताबिक, 6 जनवरी को मझगवां थाना क्षेत्र के पिंडरा पेट्रोल पंप के पास कार सवार युवक को रोककर कट्टे की नोक पर मारपीट करते हुए बड़ी रकम लूट ली गई थी। इस मामले में पहले कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, लेकिन अजय उर्फ अज्जू, सैफ अख्तर, रोहित सिंह और अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अजय को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने दर्ज किया नया मामला
घटना के बाद सिविल लाइन थाने में एएसआई जय सिंह बागरी की शिकायत पर मोनू शुक्ला समेत छह लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, आरोपी को छुड़ाने का प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपी अजय को रविवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े पुलिस वाहन रोककर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया। इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि उन्होंने पुलिस टीम को ही चुनौती दे डाली। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी को सुरक्षित हिरासत में रखते हुए पूरी कार्रवाई की गई और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।