सिद्धेश्वरनाथ मंदिर चोरी केस सुलझा, 9 घंटे-कलश बरामद; 8 आरोपी जेल भेजे गए

सतना। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में लगातार मंदिरों को निशाना बना रहे चोरों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने 5 मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 5 आरोपी चोरी करने वाले और 3 आरोपी चोरी का सामान खरीदने वाले व्यापारी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 पीतल के घंटे, एक कलश, सिक्के समेत करीब 38 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में चोरी के बाद शुरू हुई जांच

उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा ने बताया कि गोबरावकला स्थित सिद्धेश्वरनाथ मंदिर के पुजारी ने 27 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर में पूजा-अर्चना के बाद मंदिर बंद कर घर चले गए थे। शाम को आरती के लिए लौटने पर भगवान शिव और माता पार्वती के मंदिरों से पीतल के घंटे गायब मिले। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना से पुलिस तक पहुंचा गिरोह

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उरदनी गांव के कुछ युवक पीतल के घंटे बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने सिद्धेश्वरनाथ मंदिर के अलावा खेरदाई मंदिर (उरदनी), राजाबाबा मंदिर (परसमनिया) और नरहठी मंदिर समेत कुल 5 मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया।

चोरी का सामान खरीदने वाले व्यापारी भी पकड़े गए

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले तीन बर्तन व्यापारियों को भी गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 9 पीतल के घंटे, एक कलश और पूजा से जुड़े अन्य सामान बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 38 हजार रुपये बताई गई है।

कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल

पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से उचेहरा क्षेत्र में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने अन्य इलाकों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *