मुनाफे की ‘मिठास’ में घोला धोखा, युवक गंवा बैठा 28 लाख

सिवनी। प्रॉपर्टी कारोबार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर एक युवक से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कटंगी निवासी दो भाइयों पर करीब 28 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

कस्तूरबा वार्ड निवासी सिद्धांत कुमार विश्वकर्मा ने शिकायत में बताया कि वह बेंगलुरु की एक सॉफ्टवेयर कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम करता है। उसकी मुलाकात शिक्षक सुशील दुबे के माध्यम से कटंगी निवासी पूजा श्रीवास के पुत्र दीपक और मोहित से हुई थी। दोनों भाइयों ने उसे प्रॉपर्टी कारोबार में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों की बातों पर विश्वास कर उसने बैंकिंग माध्यम से 23.74 लाख रुपए और करीब 9 लाख रुपए नकद दिए। इसके बाद भी उसे वादा किया गया लाभ नहीं मिला।

भरोसा जीतने के लिए लौटाए कुछ पैसे

सिद्धांत का आरोप है कि उसे अपने झांसे में बनाए रखने के लिए आरोपियों ने 4.49 लाख रुपए वापस भी किए थे। जब बाकी रकम नहीं मिली तो उसने कटंगी थाने में शिकायत की। शिकायत वापस लेने के लिए आरोपियों की मां पूजा श्रीवास ने कुछ चेक दिए, लेकिन वे भी बैंक में बाउंस हो गए।

पहले भी लग चुके हैं धोखाधड़ी के आरोप

जानकारी के अनुसार जिन लोगों पर ठगी के आरोप लगे हैं, उनके खिलाफ कटंगी में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी फिलहाल जेल में हैं। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि धोखाधड़ी की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *