कार की किश्त चुकाने के लिए मालिक के घर की चोरी, गोल्ड लोन में गिरवी रखे जेवर; छह चोरियों का खुलासा

मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिस ने शहर में हुई छह अलग-अलग चोरियों का पर्दाफाश करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि एक आरोपी ने कार की ईएमआई भरने के लिए अपने ही मालिक के घर चोरी कर जेवर गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रख दिए थे। सिवनी पुलिस ने शहर में हुई छह अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी कृष्ण लालचंदानी ने पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।

कार की ईएमआई भरने के लिए की चोरी

पुलिस के अनुसार, भैरोगंज निवासी सचिंद्र कुमार मिश्रा के घर 6 अगस्त 2025 को चोरी हुई थी। जांच में पता चला कि उनके यहां काम करने वाला संदेश सोनकेशरिया अपने साथी महाराजबाग निवासी शुभम जैन के साथ मिलकर वारदात में शामिल था। पूछताछ में सामने आया कि संदेश ने कार की किश्त चुकाने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। चोरी के बाद उसने जेवर गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर रकम हासिल की और उससे कार की ईएमआई जमा कर दी। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवर बरामद किए हैं। शुभम जैन के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

साले-बहनोई ने मिलकर तीन घरों को बनाया निशाना

पुलिस ने बताया कि शहर में तीन अलग-अलग घरों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा भी कर लिया गया है। 15 जनवरी को गुरुनानक वार्ड निवासी शेख कलीम, 13-14 जून की रात सूफी नगर निवासी तेनसिंह राठौर और 28-29 जून की रात गांधी वार्ड निवासी एहसान खान के घर चोरी हुई थी। जांच में गंज मोहल्ला निवासी अजय उर्फ अज्जू कोष्टा और उसके साले मोहगांव निवासी राजकुमार विश्वकर्मा का नाम सामने आया। राजकुमार पहले एक ज्वेलर्स के यहां काम करता था, लेकिन गलत गतिविधियों के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। दोनों ने मिलकर तीनों वारदातों को अंजाम दिया। अजय के खिलाफ चोरी समेत 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जबलपुर से सिवनी आकर की चोरी

छिंदवाड़ा रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी लितिक टांक के घर 26-27 जून की रात चोरी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में जबलपुर के आधारताल निवासी महेंद्र उर्फ पिल्लई पटेल और हनुमानताल निवासी सूरज डुमार को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी जबलपुर से सिवनी आकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। दोनों के खिलाफ मारपीट, लूट, चोरी और बलात्कार जैसे गंभीर मामलों में पहले से प्रकरण दर्ज हैं।

मोबाइल चार्जर और पावर बैंक तक नहीं छोड़ा

12 जुलाई को भैरोगंज निवासी नरेंद्र ठाकुर के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने पृथ्वीराज चौहान वार्ड निवासी अतिन हेड़ाऊ को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने घर से 70 हजार रुपये नकद, मोबाइल चार्जर और पावर बैंक तक चोरी कर लिया था। पुलिस के मुताबिक वह अधिकांश रकम खर्च कर चुका था और उसके पास से केवल 600 रुपये बरामद हुए। उसके कब्जे से एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। अतिन के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म सहित अन्य मामले पहले से दर्ज हैं।

दो आरोपियों से रिमांड में पूछताछ जारी

पुलिस ने संदेश सोनकेशरिया और शुभम जैन को पुलिस रिमांड पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी और मामलों के खुलासे में कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *