उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के बहिलपुरवा थाना क्षेत्र स्थित देवांगना घाटी में नीट की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस को घटना के 54 घंटे बाद भी कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। मामले की जांच तेज करते हुए पुलिस ने चरवाहों सहित कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की है, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है। आरोपियों की तलाश के लिए प्रयागराज, बांदा और चित्रकूट की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की पांच टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद देवांगना घाटी से सटी हवाई पट्टी, सर्किट हाउस और वीआईपी रोड क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़िता के साथ मौजूद नाबालिग युवक के अनुसार, पूरी घटना करीब एक घंटे तक चली, लेकिन इस दौरान उसे कहीं भी पुलिस की पीआरवी या गश्ती वाहन दिखाई नहीं दिया। उसने यह भी बताया कि राहगीरों से भी कोई मदद नहीं मिल सकी। आरोपियों द्वारा मोबाइल फोन लौटाने के बाद ही वह यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दे सका।
22 जुलाई की शाम हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई की शाम सतना जिले की 19 वर्षीय छात्रा अपने नाबालिग प्रेमी के साथ देवांगना घाटी के हवाई पट्टी क्षेत्र में घूमने गई थी। इसी दौरान एक बाइक पर आए तीन युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि एक आरोपी ने युवक को बंधक बनाकर रखा, जबकि दो अन्य आरोपियों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीआरवी मूवमेंट में थी: अपर एसपी
चित्रकूट के अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने बताया कि पीआरवी किसी एक स्थान पर स्थायी रूप से तैनात नहीं रहती। उसका ड्यूटी प्वाइंट हर दो घंटे में बदलता है और आवश्यकता पड़ने पर उसे अन्य स्थानों पर भी भेजा जाता है। उन्होंने कहा कि देवांगना घाटी क्षेत्र में भी एक पीआरवी तैनात रहती है, लेकिन घटना के समय वह मूवमेंट में थी। मामले में कई संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
तकनीकी साक्ष्यों पर टिकी जांच
पुलिस का कहना है कि जांच में तकनीकी साक्ष्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का भी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: ब्वॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर NEET छात्रा से गैंगरेप, चित्रकूट में सनसनी