देशी पिस्टल की डील से पहले पुलिस का एक्शन, तीन आरोपी दबोचे

सतना में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 40 हजार रुपये में देशी पिस्टल बेचने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध देशी पिस्टल की खरीद-फरोख्त करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गढ़िया टोला क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से तीन युवकों को हिरासत में ले लिया।

40 हजार रुपये में बेचने की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार आरोपी आयुष अपने साथ एक गैर-लाइसेंसी देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस लेकर आया था। उसने यह हथियार 40 हजार रुपये में बेचने का सौदा किया था। आयुष ने पिस्टल सलमान खान और आशु उर्फ बिल्लू सेन को दिखाई, लेकिन कीमत अधिक होने के कारण दोनों ने हथियार खरीदने से इनकार कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने दबिश देकर तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी में मिला हथियार और कारतूस

पुलिस की तलाशी के दौरान सलमान खान के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

न्यायालय में किया गया पेश

सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने और उसकी बिक्री का प्रयास करने के आरोप में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *