सतना में स्कूल जा रही छात्राओं से छेड़छाड़, विरोध पर ब्लेड से हमला

सतना शहर में छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। स्कूल जा रही चार नाबालिग छात्राओं से बाइक सवार युवकों ने पहले छेड़छाड़ की और विरोध करने पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में दो छात्राएं घायल हो गईं।

स्कूल जाते समय छात्राओं का किया पीछा

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह चार नाबालिग छात्राएं अपने घर से प्रेमनगर स्थित स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर की एक बुलेट और दूसरी बाइक पर सवार चार युवक उनका पीछा करते हुए पहुंचे। छात्राओं ने बताया कि आरोपियों में से एक युवक ने उनका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा।

विरोध करने पर ब्लेड से किया हमला

छात्राओं ने साहस दिखाते हुए आरोपियों का विरोध किया और उन्हें धक्का देकर हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान चारों में से एक आरोपी ने ब्लेड जैसे किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दो छात्राओं के हाथ में चोटें आईं। छात्राओं के शोर मचाने पर चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजनों को बताई पूरी घटना

घटना के बाद छात्राएं घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज से होगी आरोपियों की पहचान

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

थाना प्रभारी ने क्या कहा

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी ने बताया कि स्कूल जा रही छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और धारदार वस्तु से हमला करने के मामले में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *