अनूपपुर। डिजिटल डेस्क
वन परिक्षेत्र बिजुरी के बेलगांव बीट अंतर्गत निमहा गांव में खेत में काम कर रही 60 वर्षीय महिला पर दो भालुओं ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया। मंगलवार को उसका उपचार जारी था और चिकित्सकों के अनुसार हालत खतरे से बाहर बताई गई। घटना की पुष्टि समकालीन रिपोर्ट में भी हुई है।
खेत में अकेली काम कर रही थीं महिला
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बेनीबहरा के निमहा गांव निवासी अमृतिया पाव पति मिलन पाव सोमवार देर शाम वन कक्ष क्रमांक आरएफ-529 में स्थित वनाधिकार भूमि पर अकेले खेत में निदाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान जंगल की ओर से आए दो भालुओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले में भालुओं ने महिला के हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर नाखून और दांतों से चोट पहुंचाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
खून से लथपथ हालत में एक किलोमीटर पैदल पहुंचीं घर
हमले के बाद दोनों भालू जंगल की ओर चले गए। घायल महिला ने हिम्मत दिखाते हुए करीब एक किलोमीटर का रास्ता पैदल तय किया और खून से लथपथ हालत में अपने घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन और वन विभाग की टीम उन्हें बिजुरी अस्पताल लेकर पहुंची। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया।
बेहतर उपचार के लिए शहडोल भेजा
अनूपपुर जिला चिकित्सालय में उपचार के बाद देर रात महिला को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया, जहां मंगलवार को उनका उपचार जारी था। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
वन विभाग ने दी प्रारंभिक सहायता
घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी बिजुरी पवन कुमार ताम्रकार, परिक्षेत्र सहायक कोठी बेसाहन सिंह आर्मो और बीट प्रभारी बेलगांव अनिल कुमार केवट अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल महिला से मुलाकात कर उपचार की जानकारी ली।
वन विभाग की ओर से शासन के नियमानुसार पीड़िता के परिजनों को प्रारंभिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई है। वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।