मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र के रजेगांव गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव की रहने वाली 65 वर्षीय कुसमबाई गोंदुडे की 50 फीट गहरे कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (SDERF) की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुएं के भीतर जहरीली गैस मौजूद थी, जिससे बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया।
यह भी पढ़ें: बैल बचाने उतरे 4 ग्रामीण, कुएं में दम घुटने से 3 की मौत; एक की हालत गंभीर
सुरक्षा उपकरणों के साथ चला रेस्क्यू
एसडीईआरएफ टीम ने पहले कुएं के भीतर मौजूद गैस की स्थिति का आकलन किया। इसके बाद विशेष सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक रेस्क्यू सामग्री की मदद से अभियान शुरू किया गया। जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने करीब ढाई घंटे तक लगातार प्रयास किए और महिला के शव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला किन परिस्थितियों में कुएं में गिरी।
यह भी पढ़ें: मैहर कुआं हादसा: 10 फीट नीचे बुझ गई मशाल, वैज्ञानिक जांच में सामने आई मौत की असली वजह