हरियाणा के हिसार में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पंजाब से आ रही एलपीजी से भरी मालगाड़ी के एक टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस घटना के बाद रेलवे और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। जानकारी के अनुसार, पंजाब के बठिंडा से हरियाणा के झज्जर के लिए एलपीजी लेकर जा रही मालगाड़ी बुधवार को हिसार रेलवे स्टेशन पहुंची। इसी दौरान रेलवे कर्मचारियों को एक टैंकर से गैस रिसाव होने की जानकारी मिली। घटना स्टेशन के पास सूर्यनगर फाटक के नजदीक घनी आबादी वाले इलाके में होने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
टैंकर को अलग कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने रिसाव वाले टैंकर को पूरी मालगाड़ी से अलग कर सूर्यनगर फाटक के पास अपेक्षाकृत सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया। इसके बाद जींद और बठिंडा से टेक्निकल टीमों को मौके पर बुलाया गया। दमकल विभाग और रेलवे पुलिस भी एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पहुंच गई।
ढक्कन से हो रहा था गैस का रिसाव
तकनीकी जांच में पता चला कि टैंकर के ऊपरी हिस्से पर बने ढक्कन से एलपीजी गैस का रिसाव हो रहा था। विशेषज्ञों ने करीब ढाई से तीन घंटे तक मरम्मत का कार्य किया और लीकेज पूरी तरह बंद कर दिया।
रिसाव पर काबू पाने के बाद ही मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया।
रेलवे का बयान
रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर अमित सुदर्शन ने बताया कि गैस रिसाव की सूचना मिलते ही रेलवे पूरी तरह अलर्ट हो गया था। अधिकारियों और टेक्निकल टीमों ने तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जांच के आदेश
रेलवे ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि टैंकर से गैस रिसाव किस कारण हुआ, कहीं तकनीकी खामी या रखरखाव में लापरवाही तो नहीं थी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएं।