मैहर के शासकीय स्कूल में पत्थरबाजी, CCTV में कैद हुए युवक; पुलिस ने दो को पकड़ा

मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जरियारी गांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में असामाजिक तत्वों द्वारा पत्थरबाजी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पत्थरबाजी करने वाले युवकों की पहचान कर ली गई है।

स्कूल बंद होने के बाद की गई पत्थरबाजी

जानकारी के अनुसार 22 जुलाई की शाम विद्यालय की छुट्टी होने के बाद प्राचार्य स्कूल बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच कुछ अज्ञात युवक विद्यालय परिसर में पहुंचे और पत्थरबाजी की।

अगले दिन जब प्राचार्य विद्यालय पहुंचे तो परिसर में कई पत्थर पड़े मिले। इसके बाद स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड मिली।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो युवक हिरासत में

नादन देहात थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में पत्थरबाजी करने वाले युवकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी स्कूल में हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब स्कूल परिसर में असामाजिक गतिविधियां हुई हों। इससे पहले भी कुछ लोग विद्यालय परिसर में शराब की बोतलें तोड़कर गंदगी फैला चुके हैं।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रबंधन ने स्कूल परिसर में नियमित पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *